नीतीश कैबिनेट का विस्तार, श्रेयसी को नहीं मिली जगह, सुनील की इंट्री

लेसी सिंह के शपथ के साथ मंत्रिमंडल में हुईं तीन महिला मंत्री
  • मंत्रिमंडल गठन के 85 दिनों बाद नीतीश कैबिनेट का विस्तार
  • शाहनवाज हुसैन ने शपथ ग्रहण के दौरान उर्दू लफ्जों का प्रयोग किया
  • संजय कुमार झा और आलोक रंजन झा ने मैथिली भाषा में शपथ ली

पटना (Voice4bihar desk)। बिहार कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार आखिरकार मंगलवार को हुआ। राज्यपाल फागू चौहान ने मंगलवार को राजभवन के सभागार मंडपम में 17 मंत्रियों को शपथ दिलाई। उम्मीद के मुताबिक भाजपा कोटे से शाहनवाज हुसैन मंत्री बन गए हैं। उन्होंने सबसे पहले शपथ ली। भाजपा कोटे से मंत्री बने हुसैन ने शपथ ग्रहण के दौरान उर्दू लफ़्ज़ों का इस्तेमाल किया। दूसरे नंबर पर शपथ लेने वाले मंत्री जदयू के श्रवण कुमार रहे।

नालंदा जिले से आने वाले श्रवण कुमार पिछड़ी जाति से आते है और पहले भी मंत्री रह चुके हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में मंत्रिमंडल गठन के 85 दिनों बाद नीतीश कैबिनेट का विस्तार हुआ है। यह विस्तार बहुप्रतीक्षित था और सत्ता में शामिल दोनों बड़े दलों BJP व JDU ने मंत्रिमंडल विस्तार में हो रही देरी के लिए एक दूसरे को जिम्मेवार बताया था। संभवतया मंत्रियों की सूची फाइनल करने में दोनों दल निष्कर्ष पर नहीं पहुंच रहे थे।

कैबिनेट विस्तार में शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों में मदन सहनी, प्रमोद कुमार, संजय कुमार झा, लेसी सिंह, सम्राट चौधरी, नीरज कुमार सिंह, सुभाष सिंह, नितिन नवीन, सुमित कुमार सिंह, सुनील कुमार, नारायण प्रसाद, जयंत राज, आलोक रंजन झा, जमा खां और जनक राम शामिल थे। जदयू कोटे से मंत्री लेसी सिंह ने शपथ ली। लेसी सिंह आज नीतीश कैबिनेट में हुई विस्तार में शामिल होने वाली एकलौती महिला मंत्री हैं। वहीं इस बार नीतीश कैबिनेट में शामिल होने वालीं तीसरी महिला मंत्री हैं। इससे पहले उपमुख्यमंत्री के रूप में रेणु देवी व शीला देवी मंडल मंत्रालय संभाल रही हैं।

नीतीश कैबिनेट विस्तार की तस्वीर

आज शपथ लेने वालों में पूर्व आईपीएस सुनील कुमार का नाम सबसे चौंकाने वाला रहा। गोपालगंज के भोरे से जीतकर आने वाले सुनील का नाम कहीं चर्चा में नहीं था। इससे अलग जमुई से बीजेपी के टिकट पर जीतीं श्रेयसी सिंह का नाम नहीं आने पर सभी चौक गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग में मेडल जीतने वाली श्रेयसी को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की चर्चा कई दिनों से चल रही थी।

यह भी पढ़ें : नीतीश कैबिनेट का विस्तार आज, शाहनवाज और नितिन समेत 22 नये मंत्री बनेंगे

समारोह में खास बात यह रही कि जहां शाहनवाज हुसैन ने शपथ ग्रहण के दौरान उर्दू लफ्जों का प्रयोग किया, वहीं संजय कुमार झा और आलोक रंजन झा ने मैथिली भाषा में शपथ ली। बीजेपी कोटे से मंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ ली। सम्राट चौधरी तीसरी बार मंत्री बन रहे हैं। दिग्गज समाजवादी नेता शकुनी चौधरी के पुत्र सम्राट चौधरी बीजेपी के विधान पार्षद हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधान परिषद अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद राजीव प्रताप रूडी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी आदि समेत कई गणमान्य मौजूद थे।

नीतीश कैबिनेट विस्तार की तस्वीर

जल्दी में दिखे नारायण प्रसाद

भाजपा कोटे से मंत्री बने नारायण प्रसाद थोड़ी जल्दी में दिखे। आमतौर पर राज्यपाल बोलना शुरू करते हैं, फिर शपथ लेने वाले इसे दुहराते हैं। पर, नारायण प्रसाद मंच पर आते ही शुरू हो गए। उन्होंने राज्यपाल के बोलने से पहले ही शपथ पत्र पढ़ना शुरू कर दिया। इस पर राज्यपाल ने उन्हें टोका और फिर से शपथ दिलाई।

Bihar CabinetGovernor Faju ChauhanIPS Sunil Kumarnitish cabinetnitish kumarShahnawaj HusainThree Wemen Minister