बम विस्फोट से दहला निबंधन कार्यालय, आठ कर्मचारी हुए घायल

भारत की सीमा से सटे नेपाल के सिरहा में दोपहर में हुआ बम विस्फोट

प्रतिबंधित संगठन जनतान्त्रिक तराई मुक्ति मोर्चा (गोईत) समूह ने ली घटना की जिम्मेदारी

जोगबनी (voice4bihar news)। भारत की सीमा से सटे नेपाल के प्रदेश दो अंतर्गत सिरहा जिले का भूमि निबंधन कार्यालय रविवार को बम विस्फोट से दहल गया। घटना दोपहर बाद करीब एक बजे की है। उक्त विस्फोट में निबंधन कार्यालय के कर्मचारी सहित अन्य सेवाग्राही घायल हुए हैं। निबंधन कार्यालय में हुए बम विस्फोट के समीप जनतान्त्रिक तराई मुक्ति मोर्चा के पम्पलेट मिला है। वही गोइत समूह की ओर से प्रेस रिलीज जारी करते हुए इस विस्फोट की जिम्मेदारी ली गयी है।

भूमिगत समूह गोइत के सेकेंड कमांडर ने रविवार को किया है आत्मसर्मपण

बम विस्फोट की यह घटना ऐन उस दिन हुई है जब रविवार की सुबह ही गोइत समूह के नेता रामविलास यादव ने कानून मंत्री के रोहबर में आत्मसमर्पण किया है। यादव गोइत समूह के ‘सेकेन्ड मैन’ भी थे। यादव ने दिन के 10:30 बजे जिला प्रशासन कार्यालय में विज्ञप्ति देते हुए आत्मसमर्पण किया, जिसके कुछ घंटे के बाद ही बम विस्फोट होने और इसी संगठन का हाथ होने की जानकारी से पुलिस सकते में आ गयी। माना जा रहा है कि यादव के आत्मसमर्पण से असंतुष्ट पक्ष ने यह विस्फोट कराया है। इस बात के संकेत घटना स्थल पर मिली पर्ची से भी मिले हैं।

बम विस्फोट में घायल बुजुर्ग व वारदात की जिम्मेवारी लेते हुए जारी प्रेस विज्ञप्ति।

एसपी सुदीप राज भंडारी ने सार्वजनिक किये विस्फोट में घायलों के नाम

एसपी सुदीप राज भंडारी के अनुसार बम विस्फोट में कार्यालय के कर्मचारी सहित सात लोग घायल हुए हैं। घायल में 30 वर्षीय दिनेश कुमार भंडारी की अवस्था गम्भीर होने के बाद हेलीकॉप्टर से इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है। वही अन्य घायलों में कार्यालय के नायब सुब्बा शिव कुमार यादव, सेवाग्राही धनगढीमाइ नगरपालिका वार्ड संख्या 13 के भोला बहादुर पाछे मगर, दिनेश कुमार भंडारी, गोलबजार नगरपालिका कि फुल कुमारी ठाकुर, बेचनी मगर, लक्षमि नारायण मगर, लहान नगरपालिका वार्ड संख्या 13 तरेगना के लाल बहादुर बिक व भगवानपुर 3 आव्हेनगर के बद्री नारायण यादव शामिल हैं। वही अन्य घायल की अवस्था सामान्य होने की बात कही गयी है।

बम विस्फोट में उड़े फर्नीचर के परखचे।

तराई में बढ़े भ्रष्टाचार के खिलाफ व स्वतंत्र मधेश देश के समर्थन में विस्फोट

भूमि सुधार तथा निबंधन कार्यालय में हुए बम विस्फोट की जिम्मेदारी लेते हुए जयकृष्ण गोइत के नेतृत्व वाले जनतान्त्रिक तराई मुक्ति मोर्चा (क्रान्तिकारी) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए इस घटना की जिम्मेवारी दी है। साथ ही यह भी लिखा है कि मधेश स्वतन्त्र देश के समर्थन तथा तराई मधेश में भ्रष्टाचार व अपराध के विरोध स्वरुप विस्फोट करवाया गया है। संगठन ने वर्तमान उत्पन्न परिस्थिति का जिम्मेवार नेपाल सरकार व प्रदेश सरकार को बताया है। साथ ही चेतावनी दी है कि वर्तमान अवस्था में सुधार नहीं होने पर इससे भी बड़ी घटना को अंजाम दिया जाएगा।

Blast blast office registration officeblast in nepalindo-nepal border