चौथी शादी करने की फिराक में था वकील, ऐन वक्त पर पहुंचीं दो पत्नियां तो भांडा फूटा

एलएलबी पास दो लड़कियों से कर चुका है ब्याह, पहली पत्नी के हैं दो बच्चे
चौथी शादी करने की फिराक में था वकील, ऐन वक्त पर पहुंचीं दो पत्नियां तो भांडा फूटा

तीसरी शादी विदेश में करने का आरोप, चौथी शादी की कर रहा था तैयारी

दरभंगा (voice4bihar news)। प्यार के चक्कर में किसी के झांसे में आने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं, लेकिन जब झांसा देने वाला और झांसे में आने वाले खुद ही कानून के जानकार हों तो मंशा साफ समझी जा सकती है। दरभंगा में लॉ की डिग्री धारण करने वाला एक शख्स एलएलबी पास दो लड़कियों समेत तीन शादियां कर ली और कई वर्षों तक झांसे में रखा। इस बीच चौथी शादी रचाने की फिराक में लग गया। हालांकि ऐन वक्त पर दो पत्नियों के पहुंच जाने से सारा भांडा फूट गया।

मामला दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्थो गांव की है, जहां के निवासी त्रिलोकीनाथ झा के पुत्र बसंत झा को चौथी शादी रचाने के प्रयास में पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी को लहेरियासराय महिला थाने बुलाकर पूछताछ की गयी। दरअसल बसंत कुमार झा ने अलग-अलग जगहों पर दो एलएलबी पास लड़कियों से शादी रचा ली थी। एक रायपुर की है तो दूसरी दिल्ली की रहने वाली। आरोप है कि बसंत ने एक शादी विदेश में भी की है।

पहली शादी दरभंगा में, दूसरी दिल्ली व तीसरी विदेश में रचाई

बसंत कुमार झा की पहली पत्नी आरजू झा ने बताया कि उनकी शादी 18 फरवरी 2013 को हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार मनीगाछी थाना क्षेत्र के बलौर गांव में हुई। शादी के बाद दो बच्चे भी हुए, जिसके बाद बसंत झा अपनी पहली पत्नी आरजू को छोड़कर दिल्ली चला गया। वहां उसने जिशा दादू से 05 मार्च 2018 को दूसरी शादी रचा ली।

जब इस बात की जानकारी लगी तो आरजू झा अपने पति से मिलने दिल्ली जा पहुंची लेकिन बसंत ने आरजू के साथ गाली-गलौज करते हुए भगा दिया। थक हारकर आरजू अपने पिता के साथ रायपुर में रहने लगी। आरजू ने कहा कि उसके पति ने तीसरी शादी विदेश में भी कर रखी है, जिसके संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं है।

तीन शादियां रचाने वाला अधिवक्ता बसंत झा।

पहली व दूसरी पत्नियों को कई वर्षों तक झांसे में रखा

बसंत ने दोनों ही बीवियों को काफी दिनों तक झांसे में रखा और फिर से शादी करने जा रहा था। इस बात की भनक उसकी दोनों ही बीवियों को लग गई। फिर क्या था, महिला थाने पर आकर युवक की दोनों ही पत्नियों ने मामले की शिकायत की। एक बीवी ने लहरियासराय महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई तो वहीं दूसरी बीवी ने पहले ही छतीसगढ़ के रायपुर में केस दर्ज करवा दिया था।

पुलिस ने की पूछताछ, अब शादी नहीं करने की दी हिदायत

मामले की जानकारी देते हुए महिला थाना अध्यक्ष नूसरत जहां ने बताया कि घनश्यामपुर थाना क्षेत्र निवासी त्रिलोक नाथ झा का पुत्र बसंत कुमार झा पेशे से वकील है। इसने एक बीवी के रहते दूसरी शादी कर ली और फिर तीसरी शादी करने जा रहा था। जानकारी होने पर पहली बीवी ने लहेरिया सराय महिला थाने में केस दर्ज करा दिया।

पुलिस ने बताया कि युवक को पहली बीवी की ओर से दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया गया था। इसी दौरान जब तीसरी शादी की भनक दूसरी बीवी को लगी तो वह भी थाने पर आ धमकी। यहां थाने पर युवक को बैठा देख महिला गुस्सा गई और हंगामा करने लगी। फिलहाल युवक को तीसरी शादी नहीं करने की हिदायत दी गयी है।

Advocate was looking for fourth marriage